हरियाणा में अब नए शहरी निकाय और पंचायतें जनमत संग्रह के बाद टूटेंगी-बनेंगी। पंचायत को नगरपालिका में शामिल करने या नगरपालिका से पंचायत बनाने पर पहले स्थानीय लोगों की राय ली जाएगी। उसके बाद सरकार अंतिम निर्णय लेगी। इसके लिए विधानसभा में विधेयक लाकर कानून बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
गरीब बच्चों की मदद के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही हैै। भविष्य में शिक्षा क्षेत्र में और सुधार किए जाएंगे। बाढ़ व पानी भरने से मकान के गिरने पर सरकार मुआवजा देगी। इसके लिए जल्द नीति बनाने जा रहे हैं। 1 लाख 80 हजार रुपये से कम आय वाले परिवारों को उसका लाभ मिलेगा।
आग से नुकसान होने के नियम भी बदल दिए गए हैं। अब आग चाहे किसी भी कारण से लगी हो, आपदा प्रबंधन विभाग तय मानदंडों के अनुसार आंकलन कर मुआवजा संबंधी फैसला करेगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए हरियाणा परिवहन की बसों में 12 अगस्त 12 बजे तक मुफ्त परिवहन सुविधा रहेगी।
लूला अहीर में यूनिवर्सिटी का रीजनल सेंटर बना रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक लक्ष्मण यादव की मांग पर लूला अहीर में भगत फूल सिंह यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर को कॉलेज का दर्जा देने की घोषणा की थी। विधायक की मांग पर इस घोषणा को वापस ले लिया है, रीजनल सेंटर बना रहेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा पर लक्ष्मण यादव ने दोनों हाथ जोड़कर धन्यवाद किया।
10 लाख एकड़ भूमि का सुधार करने का लक्ष्य
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 10 लाख एकड़ जलभराव, लवणीय व क्षारीय भूमि का सुधार करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पोर्टल बनाया गया है, जिसमें कुछ अंशदान किसानों से भी लिया जाएगा। अभी तक इस पोर्टल पर 20,997 एकड़ भूमि के सुधार के लिए किसानों ने पंजीकरण करवाया है। सरकार ने सर्वप्रथम 1 लाख एकड़ भूमि को सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अग्निवीरों को सरकार देगी गारंटीशुदा नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निपथ अच्छी योजना है। केंद्र सरकार ने इस योजना के अंतर्गत लौटकर आने वाले अग्निवीरों को केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और असम राइफल में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया है। हरियाणा सरकार इन अग्निवीरों को गारंटीशुदा सरकारी नौकरी देगी। नीति तत्काल बनाई जाएगी। कुछ निजी उद्योगपतियों ने अग्निवीरों को नौकरी देने की पेशकश की है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चार साल बाद के बजाय सरकार अग्निवीरों को नौकरी देकर ही प्रतिनियुक्ति पर सेना में भेजे।
निकायों व पंचायतों के लिए बनाया विकास निधि पट्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों व पंचायतों को राज्य वित्त आयोग व केंद्रीय वित्त आयोग से दिए जाने वाले फंड के लिए सरकार ने विकास निधि पट्ट बनाया है। पोर्टल पर नगर निकायों व पंचायतों की खुद की आमदनी, स्टांप डयूटी का हिस्सा, राज्य और केंद्रीय वित्त आयोग, अन्य ग्रांट की जानकारी दर्ज करनी होगी। जिस भी नगर निकाय को फंड की आवश्यकता होगी, उसका आंकलन किया जा सकेगा।
बिना सत्र के भी विधायक भेज सकेंगे 3 सवाल
विधानसभा में एक नई परिपाटी शुरू की गई है। इसके तहत बिना विधासनसभा सत्र के भी विधायक हर माह 3 सवाल भेज सकेंगे। उनका जवाब विधायकों को भेजा जाएगा। अब तक 42 सवाल आए हैं, जिनमें से 35 स्वीकृत हुए हैं, 20 सवालों का जवाब विधायकों को भेजा जा चुका है।
पदक विजेता खिलाड़ियों का अभिनंदन 16 को
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतर प्रदर्शन किया है। हरियाणा के 43 खिलाड़ी गए थे, इनमें से 29 खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। एक खिलाड़ी चौथे स्थान पर रहा है। इनका 16 अगस्त को गुरुग्राम में अभिनंदन किया जाएगा।