पंचकूला। अभयपुर में शनिवार रात एक बजे घर में घुसकर दो युवकों पर दो हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के घरों से लोग बाहर आए गए। उनको देखकर हमलावर युवक दोनों घायलों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। लोगों ने इस वारदात की सूचना डायल 112 नंबर पर दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 की गाड़ी को एंबुलेंस बनाकर दोनों घायलों को सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में ले गई। यहां पर उपचार के दौरान डॉक्टरों ने जांच करने पर बताया कि घायल 22 साल के जयराम को छह जगह और 19 साल के जितेंद्र कुमार की पीठ पर एक जगह चाकू मारा गया है।
पुलिस को शिकायत में घायल जयराम और जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह दोनों एक मिठाई की दुकान पर हलवाई का काम करते हैं। वह दोनों मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला आजमगढ़ के रहने वाले हैं। दोनों यहां पर अभयपुर में कमरा लेकर किराए पर रहते हैं। वह शुक्रवार रात को मिठाई की दुकान पर काम खत्म करके अपने कमरे पर आए थे। रात को एक बजे उनके कमरे के पास दो युवक आए और उन्होंने पूछा कि गौरव कहां रहता है। इस पर दोनों ने कहा कि इस बिल्डिंग में गौरव नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता है। इतना कहते ही दोनों हमलावरों ने उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया और भाग गए। पुलिस ने बताया कि जयराम के बाएं हाथ में एक, छाती पर चार जगह और पेट में एक जगह चाकू मारा गया है। वहीं, जितेंद्र कुमार की पीठ पर चाकू मारा है। दोनों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।
सेक्टर-19 पुलिस चौकी प्रभारी सचिन ने बताया कि शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
रात को अभयपुर में नहीं होती गश्त
इस हमले में घायल जयराम और जितेंद्र ने बताया कि वह अभयपुर में रहते हैं। यहां पर रात को पुलिस की गश्त नहीं होती है और इस कारण लोगों पर आए दिन हमले और घरों में चोरी हो रही हैं। पुलिस की आरे से भले ही दावा किया जा रहा हो कि यहां पर सुरक्षा-व्यवस्था ठीक है, लेकिन अभयपुर में डर के साए में रहना पड़ रहा है। पता पूछने के नाम पर दो आरोपी चाकू से हमला करके भाग गए। अगर पुलिस की गश्त होगी तो अपराधियों में पुलिस का डर बनेगा।
कोट
अभयपुर में चाकू से किए गए हमले में घायल दोनों युवकों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। इसमें पुलिस की ओर से लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच की जारी है। -सोमवीर ढाका, थाना प्रभारी, सेक्टर-20, पंचकूला