कालका-शिमला हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने कालका-शिमला हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कादर खान निवासी नूंह और चांद मोहम्मद निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो फिलहाल इंदिरा कॉलोनी में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार टीम हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। दस्तावेज नहीं दिखाने पर सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बाइक जीरकपुर के पटियाला रोड से चोरी की थी और पहचान छुपाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ दी थी। पुलिस ने थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।