संवाद न्यूज एजेंसी
ढिलवां (कपूरथला)। ढिलवां एरिया में मंगलवार की सुबह करीब छह बजे पुलिस व लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। सीआईए स्टाफ की पुलिस बाइक सवार दो सगे भाइयों को पकड़ने पहुंची तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश जख्मी हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल कपूरथला भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को मेडिकल अमृतसर रेफर कर दिया गया है। थाना ढिलवां में दोनों बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल 7.65 एमएम, तीन कारतूस, चार कारतूस खोल और बाइक बरामद की है।
एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि सीआईए इंचार्ज कपूरथला को मंगलवार सुबह आरोपियों की सूचना मिली थी। सीआईए स्टाफ इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने पुलिस टीम के साथ गश्त करते हुए दरिया ब्यास के बांध पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकाें ने उन पर फायर कर दिए। जवाबी फायरिंग में दोनों युवकों को काबू कर लिया गया। दोनों ने अपनी पहचान हुकम सिंह व जोगा सिंह पुत्र लखवंत सिंह निवासी लाटियांवाल सुल्तानपुर लोधी के रूप में दी। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज करके जांच तेज कर दी गई है। एसएसपी ने बताया कि इन दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट के छह, एनडीपीएस एक्ट के चार समेत कुल 12 मामले दर्ज हैं। उधर, बदमाशों से मुठभेड़ की सूचना मिलते पर एसएसपी गौरव तूरा, एसपी-डी प्रभजोत सिंह विर्क, डीएसपी-डी परमिंदर सिंह और पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया।