पंचकूला। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग जगह पर आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, जबकि दूसरी ओर एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
पहला मामला इंदिरा कॉलोनी का है, यहां 22 साल के प्रदीप ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सोमवार सुबह उसका भाई जब कमरे में गया तो प्रदीप को फंदे से लटका देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर सेक्टर-16 चौकी पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
वहीं, दूसरा मामल बरवाला क्षेत्र का है, यहां एक 21 साल की युवती ने सोमवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत बरवाला पुलिस चौकी को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।