पटियाला के घन्नौर से कांग्रेस विधायक मदन लाल जलालपुर के बेटा गगनदीप सिंह जौली समेत 62 लोगों की रिपोर्ट शनिवार देर शाम कोरोना पॉजिटिव मिली है। गगनदीप सिंह जिला परिषद सदस्य और जिला यूथ कांग्रेस महासचिव हैं। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि इस तरह से अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 901 हो गई है।
शनिवार को कोरोना पॉजिटिव केसों में पटियाला शहर से 34, नाभा से दो, राजपुरा से सात, समाना से चार, पातड़ां से दो और 13 विभिन्न गांवों से हैं। इन सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करा दिया गया है। साथ ही पॉजिटिव केसों के संपर्क में आने वालों को भी ट्रेस किया जा रहा है। अब तक जिले में कोविड संबंधी 34887 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से जिला पटियाला के 901 कोविड पॉजिटिव, 32138 नेगेटिव रहे हैं। वहीं 1757 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
कपूरथला: फगवाड़ा विधायक बलविंदर धालीवाल कोरोना संक्रमित
फगवाड़ा के कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल को भी कोरोना वायरस ने अपनी चपेट में ले लिया है। पांच दिन पहले उनका छोटा बेटा हरमनप्रीत सिंह धालीवाल कोरोना पॉजिटिव आए थे। फिलहाल दोनों होम आइसोलेट हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसमीत बावा ने बताया कि बाकी पारिवारिक सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव है।
कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन की शुरुआत से ही विधायक बलविंदर धालीवाल और उनका परिवार लोगों की सेवा में लगातार जुटा था। गरीबों तक घर-घर राशन पहुंचाया। करीब पांच दिन पहले उनका छोटा बेटा हरमनप्रीत सिंह धालीवाल पॉजिटिव मिले थे। उन्हें होम आइसोलेट किया गया। तब से ही पूरा परिवार होम क्वारंटीन चल रहा था। शनिवार को विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन ने बताया विधायक को संक्रमण अपने बेटे से हुआ है। परिवार के बाकी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव है।
नूरपुरबेदी: हेड कांस्टेबल समेत दो की रिपोर्ट पॉजिटिव
हेड कांस्टेबल समेत दो व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीनियर मेडिकल अधिकारी सिंहपुर डॉ. शिव कुमार ने बताया कि गांव हरीपुर से संबंधित 40 वर्षीय व्यक्ति मध्य प्रदेश से आया था। जांच के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं घनौली में तैनात गांव मुन्ने से संबंधित हेड कांस्टेबल की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि दोनों मरीजों को बनूड़ के ज्ञान सागर अस्पताल भेजा गया है।
एसडीएम बटाला भी पॉजिटिव
बटाला के एसडीएम की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि कैबिनेट मंत्री तृप्त बाजवा के कांटेक्ट ट्रेसिंग के तहत एसडीएम बलविंदर सिंह का सैंपल गुरुवार को लिया गया। रिपोर्ट में एसडीएम संक्रमित मिली हैं। हालांकि उनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं। उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर बीके विरदी समेत 48 लोग शनिवार को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें आईटीबीपी और सीआरपीएफ कैंपस सराय खास के 22 जवान शामिल हैं। विरदी ने 10 दिन पहले ही खुद को क्वारंटीन कर लिया था। उनमें कोरोना के लक्षण नहीं है लेकिन शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब सेहत विभाग उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों के सैंपल जांच को भेजेगा।
पठानकोट: पांच माह की बच्ची समेत छह पॉजिटिव
पठानकोट में मोहल्ला प्रेम नगर निवासी पांच महीने की बच्ची समेत शनिवार को छह संक्रमित मिले हैं। इनमें दिल्ली से फ्लाइट से पठानकोट पहुंचा एयरफोर्स कर्मी भी शामिल है। शनिवार को 352 लोगों की रिपोर्ट आई। इसमें से 346 लोग की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना पाजिटिव लोगों में दो एयरफोर्स स्टेशन, मोहल्ला प्रेम नगर में बाप-बेटी समेत तीन लोग और एक संक्रमित व्यक्ति फंगतोली का रहने वाला है। सभी संक्रमितों को चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया है। जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 30 हो गई है।
बठिंडा: केंद्रीय जेल में दो संक्रमितों समेत पांच पॉजिटिव
केंद्रीय जेल में शनिवार को दो और जिले से संबंधित तीन अन्य कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए। 393 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 16 संक्रमित लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने दी। डीसी बी श्रीनिवासन ने लोगों से अपील की कि वो लगातार प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के आदेश का पालन करें। इसके अलावा घर से बाहर जाते समय मास्क पहनकर जाए।
लुधियाना में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 80 नए मामले सामने आए हैं। लुधियाना में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1770 हो गई है। नए मामलों में केंद्रीय जेल व बोस्टल जेल से भी एक- एक बंदी संक्रमित शामिल है। वहीं जिले में कोरोना पीड़ित एक व्यक्ति की मौत हुई है। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि शनिवार को कोरोना संक्रमण के 80 मामले सामने आए हैं।
इसमें लुधियाना से संबंधित 76 मामले है। सीएमसी लुधियाना में राम नगर से संबंधित 45 वर्षीय व्यक्ति का उपचार चल रहा था। वह कोरोना संक्रमित होने के साथ शुगर और गुर्दा रोग से पीड़ित था। उसकी शनिवार को मौत हो गई है। जिले में अब मौत का आंकड़ा 43 हो गया है।
होशियारपुर: 11 बीएसएफ जवानों समेत 12 संक्रमित
होशियारपुर में शनिवार को 11 बीएसएफ के जवानों समेत 12 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि जिले में शनिवार को अमृतसर वीडीआरएल लैब से 697 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 12 संक्रमित मिले। इसके साथ ही जिले में कुल मामलों की संख्या 266 हो गई है। इनमें 12 में से 11 केस बीसीएसएफ सहायक प्रशिक्षण केंद्र खड़कां कैंप के जवान हैं। 1 केस पीएचसी पोसी के तहत सैलाखुर्द इलाके का है। जिले में अब 68 सक्रिय मामले हैं।
फरीदकोट: डॉक्टर ,नर्स और विद्यार्थी समेत छह संक्रमित
जिला स्वास्थ्य विभाग के पास शनिवार को आई कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक डॉक्टर, एक नर्स और एक बीएसई विद्यार्थी समेत कुल छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाकी तीन मरीजों में शहर के निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर समेत बाला जी कालोनी व गुरुनानक कालोनी का एक-एक युवक शामिल है।
सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि इसके अलावा शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 14 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 193 हो चुकी है। इनमें से 149 ठीक हो चुके हैं। अभी 44 केस एक्टिव हैं।
मोगा में 11 नए संक्रमित मरीज मिले
मोगा में शनिवार को 11 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब एक्टिव मरीजों की संख्या 56 हो गई है।, वहीं मरीजों की संख्या 309 पहुंच गई है। चार लोग कोरोना के कारण जान गवां चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. अमरप्रीत कौर बाजवा ने बताया कि शनिवार को पॉजिटिव आए 11 मरीजों में एक पुलिसकर्मी, एक गर्भवती महिला, एक विदेश से लौटा यात्री शामिल है। सभी को उनके घरों में ही क्वारंटाइन किया गया है। अभी तक जिले में कुल 20860 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 19704 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, 847 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। शनिवार को जिले भर से 364 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं।
फिरोजपुर: दो एसआई, दो एएसआई समेत 11 पॉजिटिव
फिरोजपुर में शनिवार को थाना मल्लांवाला के दो एसआई, दो एएसआई, व तीन बीएसएफ जवान समेत ग्यारह लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। थाना मल्लांवाला के पांच कर्मचारी कोरोना पीड़ित एसएचओ के संपर्क में आए थे। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 110 हो गई है।