माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की गठित एक्शन कमेटी ने 8 और 9 दिसंबर को जिले के सभी प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में दो दिन की हड़ताल का एलान किया है।
इस दौरान सिविल अस्पताल, अर्बन हेल्थ सेंटर सेक्टर-16 और सेक्टर-26, पीएचसी और सीएचसी सहित अन्य केंद्रों में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे जिससे मरीजों की जांच और इलाज में देरी होगी।
हड़ताल का कारण: एसोसिएशन के राज्य प्रधान डॉ. राजेश ख्यालिया ने बताया कि सरकार द्वारा डायरेक्ट एसएमओ भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो गलत है। इसका विरोध करते हुए जिले में तैनात 206 डॉक्टर हड़ताल में भाग लेंगे।
ये ओपीडी होगी प्रभावित: डॉक्टर सुबह से ही सिविल अस्पताल की यूरोलॉजी, हड्डी, आंख, ईएनटी, गायनी, सर्जरी, स्किन, कैंसर, मनोरोग और बच्चों की ओपीडी में नहीं बैठेंगे। इससे मरीजों को खाली पेट टेस्ट और अन्य जांच के लिए अगले दिन आने की मजबूरी रहेगी।
मरीजों के लिए व्यवस्था: पंचकूला के सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि हड़ताल के दौरान आयुर्वेदिक और एनएचएम डॉक्टरों के माध्यम से ओपीडी सेवा जारी रहेगी। इसके अलावा, कंसलटेंट डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि मरीजों को समस्या न हो।
हड़ताल से कालका, पिंजौर, मोरनी, बरवाला और रायपुररानी के मरीज भी प्रभावित होंगे। अस्पताल प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील की है।