रायपुररानी। सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त कर्मचारी जब छोटा त्रिलोकपुर चौक के नजदीक स्थित एसबीआई एटीएम से राशि निकालने पहुंचे तो वहां एक अज्ञात युवक ने उनका डेबिट कार्ड बदलकर उनके खाते से बारह लाख रुपये निकाल लिए। इसका खुलासा उस समय हुआ जक सेवानिवृत्त कर्मचारी करीब एक महीने बाद अपनी पासबुक में एंट्री करवाने पहुंचे। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पब्लिक हेल्थ विभाग से सेवानिवृत्त गांव छोटा त्रिलोकपुर निवासी अश्वनी शर्मा पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि सात जून को उन्होंने अपने डेबिट कार्ड से एटीएम में जाकर नौ हजार की राशि दो बार में निकलवाई। जब वहां पैसे गिनकर चेक कर रहे थे तभी एक युवक ने मशीन से डेबिट कार्ड निकालकर मुझे दे दिया और मुझे पता ही नहीं चला कि कब उसने मेरा कार्ड बदल दिया। इसके बाद वह घर आ गए।
इसके बाद अगले महीने पांच जुलाई को वह बैंक खाते की पासबुक में एंट्री करवाने के लिए पहुंचे तो इसमें पता चला कि उनके बैंक खाते से कुल 1223360 रुपये की राशि गायब हो चुकी है। इसके बाद बैंक में पता करने पर मालूम हुआ कि मोबाइल की एसएमएस मेमोरी फुल होने के कारण उन्हें कोई मैसेज भी नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रायपुररानी थाने में शिकायत दी। थाना प्रभारी ने बताया कि अश्वनी शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित बैंक में खाते की जांच शुरू कर दी है।