अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। जालंधर की आम आदमी पार्टी की राजनीति में जबरदस्त उथल पुथल हो गई है। कई नेताओं को शक्तिशाली ताे कईयों को कमजोर कर दिया है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में भी कई चेहरों को चंद दिनों में खासी ताकत दी गई है।
ताजा फेरबदल में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाड़ा को हटाकर लोकसभा जालंधर के इंचार्ज रमनीक लक्की रंधावा को कुर्सी दी गई है। लक्की रंधावा लंबे समय से आप के संगठन के लिए काम कर रहे थे। आप की राजविंदर कौर थियाड़ा दोआबा की इंचार्ज के साथ-साथ कैंट विधानसभा हलके की इंचार्ज का कामकाज भी देख रही थी। उनके पास ट्रस्ट के चेयरपर्सन की जिम्मेदारी थी लेकिन छह माह में ही लक्की रंधावा को अचानक पॉवरफुल किया गया। पहले उसको लोकसभा हलका जालंधर का इंचार्ज लगाया गया और अब ट्रस्ट का चेयरमैन। इसी तरह से जालंधर से दीपक बाली को अचानक जिले की राजनीति से उठाकर सूबे की राजनीति में ले जाया गया है। पंजाब में कल्चरल बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली को सूबे में आप का महासचिव बनाया गया।
इसके साथ ही उनको पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन का चेयरमैन के साथ कई अंदरूनी जिम्मेदारियां देकर सूबे में पहली कतार के नेताओं में बिठा दिया है। उनकी पंजाब के कला साहित्य में खासी पकड़ है और पंजाबी भाषा के लिए बाली ने जिंदगी का हिस्सा लगाया है। लिहाजा आप उनका फायदा पंजाब में उठा रही है। ताजा फेरबदल में पार्षद अश्वनी अग्रवाल को अग्रवाल बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। अश्वनी अग्रवाल एक कारोबारी हैं और नार्थ विधानसभा हलके में खासी पकड़ है। पार्टी विधानसभा चुनावों में उनको चेहरा भी बना सकती है। इसके लिए पार्टी के भीतर अश्वनी को आगे ले जाने के लिए पूरा मंथन किया गया। अग्रवाल पहले से जालंधर में बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन भी हैं।
वहीं बारी सलमानी को अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन से हटाकर बोर्ड में भेजा गया है। आयोग के पास सांविधानिक शक्ति होती है लेकिन जिसमें उनके पास मसीही समाज, सिख समाज के अलावा अन्य अल्पसंख्यकों की जिम्मेदारी थी लेकिन अब उनको महज मुस्लिम बोर्ड का चेयरमैन लगाया गया है।
वहीं, जालंधर से केंद्रीय विधायक रमन अरोड़ा जेल में हैं लेकिन पार्टी ने उनके स्थान पर उद्यमी नितिन कोहली को शक्तिशाली कर दिया है। नितिन पार्टी वर्करों में जान फूंकने के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं। जंडियाला से सरपंच रह चुके मक्खन को भी शक्तिशाली कर बोर्ड के चेयरमैन लगाया गया है। हालांकि आप में उनके नाम की कहीं चर्चा तक नहीं थी, वह इन दिनों कनाडा में हैं।