पंचकूला। सेक्टर-16 स्थित वाटर वर्क्स में कार्यरत एक ट्यूबवेल ऑपरेटर को कोर्ट में गवाही देने से पहले जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सेक्टर-16 पुलिस चौकी में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वाटर वर्क्स सेक्टर-16 में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। 22 अप्रैल 2022 को गांव बुढ़नपुर स्थित ट्यूबवेल पर ड्यूटी के दौरान दो युवक वहां नशा बेच रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गंडासी से हमला कर दिया जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
थाना सेक्टर-14 में आरोपी अभ्यास उर्फ अविनाश निवासी मौली जागरां और शेखर उर्फ छोटे निवासी मौली पिंड के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। मामला इस समय सेशन कोर्ट पंचकूला में विचाराधीन है।
पीड़ित ने बताया कि 9 जनवरी 2026 को वह गवाही देने कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन आरोपियों के वकील के उपस्थित न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी और अगली तारीख 5 मार्च 2026 निर्धारित की गई। आरोप है कि उसी दिन कोर्ट परिसर में आरोपी अभ्यास ने अपने दो साथियों को भेजकर समझौते का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। मुकेश कुमार के अनुसार 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपी अभ्यास अपने दो साथियों के साथ सेक्टर-16 स्थित ट्यूबवेल पर पहुंचा और दोबारा धमकी देते हुए कहा कि यदि कोर्ट में उनके खिलाफ गवाही दी तो जान से मार देंगे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट, डकैती, अवैध वसूली और अवैध हथियार रखने जैसे कई मामले दर्ज हैं। पीड़ित ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।