पिंजौर। न्यू इंडिया स्कूल के समीप स्थित रत्तपुर कॉलोनी से गंदे पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इस कारण कॉलोनीवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी मामले में शनिवार को कॉलोनी की महिलाओं ने बड़ी संख्या में नगर परिषद सहित प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया है। कमलेश कौर, प्रमोश, मीना कुमारी, बबीता ने बताया कि गलियों से पानी की निकासी का प्रबंध नहीं है। कई जगह से नालियां टूटने की वजह से गंदा पानी गलियों में आकर जमा हो जाता है। बारिश के दिनों में तो गलियों में पानी जमा होने से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।
कई बार छोटे बच्चे गली में गिर जाते हैं। नालियों की सफाई नहीं होने की वजह से नालियों में भी पानी जमा रहता है। निकासी न होने के चलते कॉलोनी में मच्छरों की भरमार रहती है। महिलाओं ने प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों से मांग की है कि गलियों और नालियों की उचित सफाई व्यवस्था करवाने के साथ-साथ जो नालियां टूटी हुई हैं, उन्हें सही करवाया जाए ताकि नालियों का गंदा पानी गलियों में जमा न हो।