40 से बढ़ाकर 170 रुपये करने पर विरोध, श्रद्धालुओं व व्यापार पर असर की जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हिमाचल प्रदेश में वाहनों की एंट्री फीस बढ़ाने के फैसले के खिलाफ ट्राईसिटी के विभिन्न संगठनों में रोष है। संगठनों ने फीस 40 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये किए जाने को अनुचित बताते हुए सरकार से इसे कम करने की मांग की है।
हिंद संग्राम परिषद, हिम एकता वेलफेयर महासंघ और सिद्ध जोगी सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट ने कहा कि फीस में भारी बढ़ोतरी से आम जनता और बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। इससे हिमाचल में देवी-देवताओं के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ेगा।
संगठनों ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार कर फीस कम करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।