मट्टावाला के पास हादसा, वन-वे सड़क पर टकराए स्कूटर और बाइक मृतक की पहचान नहीं
पंचकूला। गांव मट्टावाला के पास वीरवार रात आमने-सामने टक्कर में स्कूटर चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वन-वे किए गए मार्ग पर हुआ, जहां स्कूटर और बाइक की भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्कूटर चालक को मृत घोषित कर दिया। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि गांव बिल्ला से मट्टावाला तक सड़क की मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके चलते रास्ते को एक तरफ से बंद कर वन-वे किया गया था। आशंका है कि इसी कारण आमने-सामने टक्कर हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।