चंडीगढ़। केंद्रीय कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों की हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही पंजाब में ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। रेल मंत्रालय ने कहा है कि उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का पत्र मिल गया है। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक सोमवार को निरीक्षण का कार्य पूरा करने के बाद मंगलवार से ट्रेनों के चलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय के ट्वीट में लिखा है कि पंजाब सरकार ने मालगाड़ियां और यात्री गाड़ियां चलाने के लिए सोमवार से ट्रैक खाली होने की जानकारी रेलवे को दी है। किसानों द्वारा ट्रैक खाली किए जाने पर इसके निरीक्षण और जरूरी मरम्मत का काम पूरा करने के बाद ट्रेनों का परिचालन पहले की तरह शुरू कर दिया जाएगा।
किसानों ने दिया है 15 दिन का अल्टीमेटम :
पंजाब भवन में शनिवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ हुई बैठक के बाद किसान संगठनों ने सोमवार से 15 दिन के लिए ट्रैक खाली करने का एलान किया था। उनका कहना था कि अगर इस दौरान केंद्र सरकार ने उनकी मांगों का कोई हल न निकाला तो वे फिर से ट्रैक जाम कर देंगे। वहीं, कैप्टन ने किसानों को आश्वासन दिया था कि वे जल्द ही प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात करके किसानों की मांगों को उनके सामने रखेंगे। पंजाब में रेल सेवाएं 24 सितंबर से बंद हैं।
अनाज भेजने में आ रही दिक्कत :
ट्रेनों का संचालन नहीं होने के कारण पिछले दो महीने से पंजाब से दूसरे राज्यों को अनाज भेजने में दिक्कत आ रही है। पंजाब सरकार अब तक सड़क मार्ग से 119.66 लाख मीट्रिक टन अनाज दूसरे राज्यों में भेज चुकी है। लेकिन 142 लाख टन अनाज अब भी पंजाब में पड़ा है।