पंचकूला। शिमला-कालका हाईवे पर सड़क किनारे अवैध रूप से थ्री व्हीलर खड़ा कर सामान बेचने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को सूरजपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक दिन की कार्रवाई में आठ थ्री व्हीलर चालकों के चालान काटे। ये चालक नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा कर न सिर्फ नियमों की अवहेलना कर रहे थे, बल्कि ट्रैफिक में भी बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
एसीपी सुकरपाल सिंह ने बताया कि शिमला-कालका हाईवे पर पर्यटकों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे थ्री व्हीलर चालकों द्वारा सामान बेचना गंभीर समस्या बन गया था। कई बार चेतावनी देने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते यह सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कोई ढील नहीं दी जाएगी।