चंडीमंदिर के पास टैंक चौक के पास चालान काटने के लिए लगी थी ड्यूटी, रोकने पर मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। टैंक चौक के पास चालान काटने की ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी को तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कर्मचारी जमीन पर गिर गया। उसके पैर और सिर में चोट लगी है। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। घायल ट्रैफिक पुलिस कर्मी की पहचान रायपुररानी निवासी सुखचैन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस कर्मी सुखचैन सिंह की शिकायत पर चंडीमंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टैंक चौक पर लगी थी ड्यूटी
घायल सुखचैन सिंह ने बताया कि टैंक चौक के पास सुबह ट्रैफिक चालान काटने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। एएसआई दर्शन सिंह ने तेज रफ्तार से पल्सर चालक को रोकने की कोशिश की तो बाइक चालक उन्हें टक्कर मारते हुए भाग गया। जांच अधिकारी अमृत लाल ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगा दी हैं। वहीं चौक में लगे सीसीटीवी की मदद से बाइक सवार की पहचान की जा रही है।