पंचकूला। सड़क सुरक्षा के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को अभयपुर इंडस्ट्रियल एरिया में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 16 दोपहिया वाहनों के चालान काटे और 11 बाइक व स्कूटी मौके पर ही जब्त की गईं। पुलिस ने कुल 3.2 लाख का जुर्माना लगाया।
अभियान का नेतृत्व सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार ने किया। जांच में पाया कि कई युवक बिना हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और बीमा के वाहन चला रहे थे। कुछ मामलों में ट्रिपल राइडिंग और नंबर प्लेट में छेड़छाड़ के मामले भी आए।
एसएचओ वरिंदर कुमार ने बताया कि कई युवक जल्दबाजी और लापरवाही में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते पाए गए। उन्हें मौके पर ही समझाया गया कि ऐसी हरकतें सड़क हादसों को जन्म दे सकती हैं।
एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस की सख्ती का मकसद केवल चालान काटना नहीं बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनुशासन सभी की जिम्मेदारी है। एक छोटी गलती भी जीवनभर का पछतावा बन सकती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को आदत बनाएं।