हादसे में पलटी ट्रैक्टर ट्राली। संवाद
पिंजौर। शिमला-जीरकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मल्लाह मोड़ के समीप पिंजौर बाईपास पर एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में ट्राली में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्राली पर चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे। शिकायतकर्ता सुरेश निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश ने बताया कि वह ट्राइसिटी क्रेटर कंपनी में काम करता है।
यह कंपनी लेंटर डालने के लिए मिक्स किया सीमेंट सप्लाई करती है। बुधवार की रात्रि वह अन्य सात लोगों के साथ परवाणू में लेंटर डालकर मिक्सर मशीन के साथ चंडीमंदिर स्थित कंपनी के प्लांट पर जा रहे थे। चालक सहित चार लोग ट्रैक्टर पर बैठे थे, जबकि जोगेंद्र, सोमनाथ, विजय, विश्वनाथ ट्राली में लोड पाइपों पर बैठे थे। चालक सुनील ट्रैक्टर को लापरवाही से चला रहा था। उन्होंने ट्रैक्टर आराम से चलाने के लिए कहा परंतु वह नहीं माना।
मल्लाह मोड़ के समीप चालक ने चालक ने ट्रैक्टर की गति बढ़ा दी। इस कारण अनियंत्रित होकर ट्राली पलट गई। इस हादसे में ट्राली में बैठा विश्वनाथ लोहे की पाइपों के नीचे दब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विश्वनाथ को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।