चंडीगढ़। फीफा फुटबॉल विश्व कप 2026 के फाइनल को लेकर ट्राइसिटी के फुटबॉल खिलाड़ियों और प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि स्पेन और अर्जेंटीना के बीच विश्व चैंपियन का फैसला होगा। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला की फुटबॉल अकादमियों में खिलाड़ियों ने फाइनल देखने की विशेष तैयारी की है। कोच इसे युवा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक फुटबॉल सीखने का बेहतरीन अवसर मान रहे हैं।
इंटरनेशनल फुटबॉलर संदेश झिंगन, गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू, संजीव मारिया ने कहा कि स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे संतुलित फुटबॉल खेली है और उसकी पासिंग गेम उसे बढ़त दिला सकती है। वहीं मिनर्वा अकादमी, मोहाली के खिलाड़ी गुरकीरत सिंह ने कहा है कि अर्जेंटीना ने नॉकआउट मुकाबलों में जिस तरह दबाव झेला है, उससे उसकी मानसिक मजबूती साफ दिखती है। चंडीगढ़ फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ी हिमांशु ठाकुर ने कहा कि स्पेन और अर्जेंटीना दोनों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। हम इस मुकाबले को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सीखने के अवसर की तरह देख रहे हैं। ऐसे मैच युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने की सोच और आत्मविश्वास देते हैं।
राउंडग्लास पंजाब एफसी अकादमी के कोच अमनदीप सिंह ने कहा कि फाइनल केवल ट्रॉफी का मुकाबला नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए टैक्टिक्स, पोजिशनिंग, हाई प्रेस और गेम मैनेजमेंट सीखने का अवसर भी है। पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम की फुटबॉल अकादमी के खिलाड़ी अभिषेक मलिक ने कहा कि ट्राइसिटी में फुटबॉल का क्रेज लगातार बढ़ रहा है और विश्व कप ने युवाओं में इस खेल के प्रति नई ऊर्जा भर दी है।
खिलाड़ियों का कहना है कि चाहे स्पेन जीते या अर्जेंटीना, फाइनल विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा मुकाबला होगा। कई क्लबों और अकादमियों में सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की गई है। फुटबॉल प्रेमियों को उम्मीद है कि यह मुकाबला रोमांच, तकनीक और संघर्ष से भरपूर रहेगा।