कंग बोले, जालंधर-होशियारपुर मार्ग अहम धार्मिक व अंतरराज्यीय कॉरिडोर, परियोजना में तेजी लाने का किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं आदमपुर हलका प्रभारी पवन टीनू और आनंदपुर साहिब से सांसद मालविंदर सिंह कंग ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने जालंधर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-03) के फोर-लेनिंग प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करवाने का आग्रह किया। दोनों नेताओं ने आदमपुर फ्लाईओवर सहित पूरे सड़क कॉरिडोर का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की।
टीनू ने एनएच-03 के जालंधर-होशियारपुर सेक्शन पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग का फोर-लेनिंग प्रोजेक्ट लंबे समय से अधर में है। वर्ष 2016 से यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी ट्रैफिक जाम और आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क सुरक्षा जोखिमों का भी सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग जालंधर और होशियारपुर के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह पंजाब को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाला प्रमुख सड़क कॉरिडोर भी है।
परियोजना में तेजी लाने का आग्रह :
केंद्र सरकार ने इस कॉरिडोर की आवश्यकता को देखते हुए कदम उठाया है। 17.800 किलोमीटर लंबे हिस्से के लिए री-टेंडरिंग प्रक्रिया को मंजूरी देने की दिशा में कार्य किया गया है। टीनू ने रीजनल कार्यालय चंडीगढ़ और मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे के अधिकारियों को निर्देश जारी करने की मांग की। इसका उद्देश्य लंबित ऑब्जर्वेशन को प्राथमिकता से दूर करना है। मालविंदर सिंह कंग ने भी इस सड़क परियोजना को जल्द पूरा करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।