मौजूदा समय में सरकारी मेडिकल कॉलेज, पटियाला की लैब 10 हजार टेस्ट प्रतिदिन करने की क्षमता रखती है, जो देश की सभी लैबों से अधिक है। इसके अलावा पंजाब में वायरल टेस्टिंग के लिए सात नई लैब बनाई गई हैं। साथ ही पंजाब में तीन नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं, जिनकी कुल लागत तकरीबन 1000 करोड़ रुपये है।
अलग से बनाया जा रहा पदों का कैडर
सोनी ने बताया कि साल 2021 के दौरान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए इसमें पदों का अलग से कैडर बनाया जा रहा है। इस समय स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के कुछ कैडर जैसे कि नर्स, मिनिस्टीरियल, रेडियोग्राफर को अलग किया जाएगा, जिससे विभाग की कार्यकुशलता बढ़ सके।
मोहाली में बनेगा एडवांस वायरोलॉजी सेंटर
पंजाब सरकार की तरफ से 550 करोड़ के साथ मोहाली में स्टेट ऑफ दी आर्ट एडवांस वायरोलॉजी सेंटर की स्थापना के लिए कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। इसमें वायरोलॉजी संबंधी पढ़ाई, रिसर्च और टेस्ट की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। यह प्रोजेक्ट आईसीएमआर की तरफ से स्वीकृत किया गया है।
726 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में घर-घर रोजगार स्कीम के अधीन चालू साल के दौरान 726 भर्ती करने का प्रस्ताव है, जिसमें 142 डॉक्टर, 189 नर्स और 234 टेक्नीशियन शामिल हैं। करोना वायरस का मुकाबला करने में पंजाब के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने अहम भूमिका निभाई है।