संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े संगठित हथियार एवं नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्टल और 500 ग्राम अफीम बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम राजन निवासी अमृतसर, सुरिंदर सिंह निवासी जलालाबाद और जगजीत सिंह निवासी तरनतारन हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी अंतर-जिला स्तर पर सक्रिय एक तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं, जिनके सीधे संबंध पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर से जुड़े हुए हैं। आरोपियों का मकसद बरामद हथियारों को पंजाब में सक्रिय गैंगस्टरों और अपराधियों तक पहुंचाना था ताकि राज्य में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके। इस संबंध में थाना सदर अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के लिंक का पता लगाने में जुटी है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की उस लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सीमापार से हो रही हथियार और नशा तस्करी को पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार सीमा के इस पर भेजे गए हैं, जिन्हें उक्त आरोपियों ने रिसीव किया गया है और आगे सप्लाई करना था। इसी सूचना के तहत पहले आरोपी राजन को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के आधार पर सुरेंद्र सिंह को पकड़ा गया और सुरेंद्र सिंह से जांच के दौरान तीसरे आरोपी जगजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान इन तीनों की निशानदेही से हथियारों की खेप बरामद की गई।