अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब की मंडियों में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जाएगा। पंजाब मंडी बोर्ड ने पहले चरण में जिला पटियाला, जालंधर, फिरोजपुर और लुधियाना की कई मंडियों में सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना बनाई है। इस पर जोर-शोर से काम शुरू कर दिया गया है। इस योजना पर करीब 24.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस पहल से बिजली खर्च में सालाना करीब 8.33 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने यह जानकारी दी।
बरसट ने बताया कि इस योजना की शुरुआत अनाज मंडी, पटियाला से की जा चुकी है और पटियाला मंडी में 74 किलोवाट क्षमता वाला रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट लगाया जा रहा है। जिला पटियाला की 10 विभिन्न मंडियों में 656 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट की स्थापना की जाएगी, जिस पर करीब 6.49 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसी प्रकार जिला लुधियाना की 11 विभिन्न मंडियों में लगभग 7.12 करोड़ रुपये की लागत से 757 किलोवाट क्षमता वाला प्लांट लगाया जाएगा। जिला फिरोजपुर में करीब 5.10 करोड़ रुपये की लागत से 8 विभिन्न मंडियों में 647 किलोवाट क्षमता वाला प्लांट लगाया जाना है। जिला जालंधर की 11 विभिन्न मंडियों में 794 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाना है, जिस पर लगभग 5.71 करोड़ रुपये खर्च आएगा