हरियाणा विधानसभा चुनाव के मंगलवार को नतीजे घोषित किए जाएंगे। पंचकूला में दो विधानसभा हलकों (कालका, पंचकूला) की मतगणना होगी। इसके लिए पुलिस की तरफ से चुनाव मतगणना को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डीसीपी हिमाद्रि कौशिक के नेतृत्व में करीब 400 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मतगणना के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पंचकूला जिले में दो विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होगी। पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय महाविद्यालय, सेक्टर-1 में होगी, जबकि कालका विधानसभा क्षेत्र की मतगणना राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 में की जाएगी। इन दोनों केंद्रों के आसपास सुरक्षा के थ्री लेयर सुरक्षा में तैयार किए गए हैं। पहले लेयर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (पैरा मिलिट्री), दूसरे लेकर में राज्य आर्म्ड पुलिस और तीसरे लेयर में जिला पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
शहर के 8 विशेष स्थानों पर नाकाबंदी
शहर के 8 विशेष स्थानों पर नाकाबंदी की गई है, जहां हर व्यक्ति और वाहन की सख्त जांच की जाएगी। स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए पहले से ही सीसीटीवी कैमरे और थ्री लेयर सुरक्षा में 24 घंटे की निगरानी सुनिश्चित की गई है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
मतगणना के दिन अनाधिकृत व्यक्तियों का मतगणना केंद्रों के पास जाना प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इंस्पेक्टर ट्रैफिक रामकरण ने बताया कि राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 की ओर भगवान वाल्मीकि चौक से क्रॉस रोड तक के दोनों मार्ग बंद रहेंगे। राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-1 की ओर बेला विस्टा चौक से माजरी चौक की तरफ जाने वाला सिंगल वे मार्ग पूरी तरह से बंद रहेगा। सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक रूट बंद या डाइवर्ट रहेंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीसीपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें और कानून का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को तुरंत दें।