पंचकूला। इंदिरा कॉलोनी में साइकिल खड़ी करने के विवाद में हुई हत्या के मामले में पंचकूला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई की है। आरोपियों सतीश कुमार निवासी इंदिरा कॉलोनी, सन्नी निवासी इंदिरा कॉलोनी और बिक्की इंदिरा कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रिंकू निवासी इंदिरा कॉलोनी सेक्टर-16 पंचकूला ने पुलिस चौकी सेक्टर-16 में शिकायत दर्ज करवाई कि वह नगर निगम पंचकूला में सफाई का कार्य करता है। 8 जुलाई को जब वह अपने घर 8.30 बजे शाम को पहुंचा तो उसके पड़ोसी सतीश कुमार ने साइकिल उठाकर उसके पिता के ऊपर मार दी। इसके साथ ही आरोपियों ने उसके पिता के साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया । कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडों और लोहे की राड और चाकू लेकर आ गए। देखते ही देखते उसके पिता के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। रिंकू ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने उसके पिता की दाहिनी छाती में चाकू से मारा। उसके पिता वहीं जमीन पर गिर गए। इसके बाद उसको और मां सरोज पर लोहे की राड से हमला कर दिया। तभी इलाज के लिए शिकायतकर्ता के पिता जी को नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला में ले जाया गया। डाक्टरों ने शिकायतकर्ता के पिता को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा-148, 149, 323, 302, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।