पंचकूला। जिले में पुलिस व प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस से बचाव के लिए दिए जा रहे दिशा-निर्देशों को कुछ लोग नहीं मान रहे हैं। ऐसा करने वाले लोगों की अब महिला एवं बाल विकास विभाग के काउंसलर शेल्टर होम जाकर काउंसलिंग कर रहे हैं।
चिकित्सा विभाग के सहयोग से काउंसलर लोगों से शेल्टर होम में सभी बचाव उपायों का ध्यान रखकर काउंसलिंग में जुटे हैं। लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के उपाय बताने सहित उन्हें समय-समय पर हाथ धोने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और एक-दूसरे से उचित दूरी बनाने की जानकारी दी जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरु वशिष्ठ के नेतृत्व में विभाग की टीम शेल्टर होम पर नजर बनाए हुए हैं।
शेल्टर होम में काउंसलिंग के माध्यम से लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर हर महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। साथ ही अत्यधिक न घबराने को कहा गया। काउंसलर लोगों को बता रहे हैं कि इस महामारी से बचाव का उपाय केवल सावधानी रखना है। इसके अलावा शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग-व्यायाम करते रहने को कहा गया ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता बरकरार रहे।