पिंजौर में रात 1:35 बजे वर्मा ज्वेलर्स को बनाया निशाना, कार सवार युवकों की सतर्कता से बची वारदात
भागते समय आरोपियों ने युवकों की कार पर हमला करने का भी किया प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। नालागढ़ रोड पर बसंत विहार कॉलोनी में लोहगढ़ फ्लाईओवर के पास स्थित वर्मा ज्वेलर्स की दुकान में शुक्रवार देर रात चोरों ने शटर तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। रात करीब 1:35 बजे दुकान को निशाना बना रहे चोरों पर वहां से गुजर रहे कार सवार स्थानीय युवकों की नजर पड़ गई। युवकों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी शटर छोड़कर फरार हो गए। समय रहते चोरों का पता चलने से दुकान में बड़ी चोरी होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक देर रात ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़ने में जुटे थे। इसी दौरान कार से गुजर रहे स्थानीय युवकों ने दुकान के बाहर संदिग्ध गतिविधि देखी। युवकों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चोर घबरा गए और भागने लगे। आरोप है कि फरार होते समय चोरों ने कार सवार युवकों की गाड़ी पर सड़क से हमला करने का प्रयास भी किया।
युवकों की सतर्कता के कारण आरोपी दुकान के अंदर दाखिल नहीं हो सके। यदि समय रहते उनकी नजर चोरों पर नहीं पड़ती तो आरोपी शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश कर सकते थे और लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की आशंका थी। दुकान मालिक ने वारदात को रोकने वाले युवकों का आभार जताया।
ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाने की इस कोशिश के बाद रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।