आल्टो कार और होमगार्ड जवान की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
पहले भी मोरनी से चोरी बाइक पिंजौर में मालिक ने पहचानकर पकड़ी थी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। मोरनी इलाके में चोरों ने फिर दस्तक दी है। बीती रात चोरों ने एक आल्टो कार और होमगार्ड जवान दीपक शर्मा की मोटरसाइकिल चोरी कर ली। बाइक घर के बाहर खड़ी थी और चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद दोनों वाहनों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। मोरनी चौकी प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को काफी दूरी तक ट्रैक कर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और देर शाम तक केस दर्ज कर लिया जाएगा।
पहले भी पिंजौर में पकड़ी गई थी चोरी की बाइक
मोरनी में वाहन चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मोरनी बाजार से चोरी हुई बाइक को उसके मालिकों ने पिंजौर में रेड लाइट पर पहचान लिया था। मालिकों ने बाइक सवार युवक को पकड़ लिया, लेकिन वह खुद को छुड़ाकर बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया था। अब चोरी हुई बाइक और कार को लेकर भी आशंका जताई जा रही है कि चोर इन्हें पिंजौर की तरफ ले गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहनों की ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।