बरवाला। बरवाला और रायपुररानी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हर रात को लोगों के घरों को अपना निशाना बनाकर बेखौफ चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। चोरों ने एक बार फिर गांव सरकपुर में बुधवार रात को एक घर में घुसकर अलमारी में लगे ताले को तोड़कर घर में रखे 15 तोले सोने चांदी के जेवरात चुरा ली। इससे पहले चोर ने घर की एक महिला को धक्का देकर गिरा दिया।
पीड़ित राजीव पुत्र जयमल सिंह ने बताया कि बुधवार रात को वह और परिवार के अन्य सदस्य घर के आंगन में सोए थे। जैसे ही जयमल की पत्नी कृष्णा देवी वाशरूम जाने के लिए उठी तो उसने देखा कि उनके घर के स्टोर का दरवाजा खुला पड़ा है जब वह बंद करने स्टोर के पास गई तो देखा कि एक व्यक्ति घर के अंदर घुसकर चोरी कर रहा था। उसने सिर और मुंह को पीले रंग के कपड़े से ढांप रखा था। जब उसने पूछा कि तू कौन हो तो उसने कृष्णा देवी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मकान की मोंटी वाले रास्ते से फरार हो गया। इतने में कृष्णा के चिल्लाने पर उसके परिवार वाले भी जाग गए। उन्होंने देखा कि उनके घर के सभी पेटी, अलमारी के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की इस घटना से आस-पड़ोस व गांव के अन्य लोग भी जमा हो गए। उन्होंने इस घटना की सूचना तुरंत मौली पुलिस चौंकी में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मुआयना किया। पीड़ित राजीव ने बताया कि चोर उनके घर से 15 तोले सोने चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये की नकदी चुराकर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। वहीं बरवाला व रायपुररानी क्षेत्र में हर रोज बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग अपने आपको को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी चोरी
अभी हाल ही में 29 जून को गांव मौली में तीन घरों में शातिर चोर गिरोह ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वहीं बरवाला के गांव खटौली के सत्संग घर में भी 28 जून की रात को अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इससे कुछ दिन पहले ही गांव गोलपुरा में भी एक घर में चोरों ने लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ली थी लेकिन स्थानीय पुलिस आज तक इस चोर गिरोह को नहीं पकड़ पाई। जिससे लोग पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से गांवों में पुलिस की गस्त बढ़ा जाने की मांग की है।