संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। जिले में जगह-जगह नाकाबंदी कर पुलिस तैनात रहेगी। डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने लोगों से अपील की है कि होली के त्योहार पर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें और न ही किसी प्रकार की हुड़दंगबाजी करें। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए हैं। पुलिस हुड़दंग करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसेगी और कानूनी कार्रवाई करेगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु चलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस अलग-अलग नाके लगाएगी। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ने बताया कि जिले में सुरक्षा को लेकर पीसीआर और राइडर को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार से ट्रैफिक का उल्लंघन करता है ताे तुरंत कार्रवाई करें। इसके अलावा बाइक से पटाखा बजाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। कोई व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करता पाया गया तो उस पर तुरंत मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 25 क्यूआरटी, 25 पुलिस राइडर तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी थाना और पुलिस चौकी इंचार्ज को आपातस्थिति से निपटने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। सभी थाना और पुलिस चौकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग करेंगे और इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में मौजूद रहेंगे।
डीसीपी ने सेक्टर-20 थाना का लिया जायजा
डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने शुक्रवार को सेक्टर-20 थाने में लंबित मामलों का तुरंत निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा पेट्रोलिंग की जाए ताकि किसी प्रकार की घटना घटित न हो इसके। डीसीपी ने सेक्टर-20 में कुछ स्थानों को चिन्हित किया है, वहां पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
डीसीपी ने संबंधित थाना क्षेत्र के अधिकारी मनप्रीत सिंह सूदन और थाना प्रभारी सेक्टर-20 बच्चू सिंह को निर्देश देकर कहा कि थाना में आने वाले व्यक्ति की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोगों से अपील कर कहा कि किराएदार और घर पर नौकर रखने से पहले उनकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं।