चंडीगढ़। सूबे के गांवों में रहने वाले लोगों को पीने वाला साफ पानी मुहैया करवाना यकीनी बनाने के लिए पंजाब सरकार ने राज्य की जल सप्लाई स्कीमों पर 5172 क्लोरीनेटर (पानी को कीटाणु-रहित करने वाला यंत्र) लगाने का फैसला लिया है। 10.72 करोड़ की लागत वाला यह प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा। जल सप्लाई और सैनिटेशन मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने कहा कि पंजाब के निवासियों को सुरक्षित और साफ पीने योग्य पानी मुहैया करवाने के लिए इस अहम प्रोजेक्ट के लिए बोलियां मांगी गई हैं। इन क्लोरीनेटरों के कई वर्षों तक सुचारु संचालन को यकीनी बनाने के लिए सरकार की तरफ से इनके रखरखाव का खास ध्यान रखा गया है। ये क्लोरीनेटर लगाने वाली कंपनी तीन साल के लिए इनके रखरखाव का काम भी देखेगी। उन्होंने कहा कि इनके रखरखाव संबंधी राज्य सरकार का यह फैसला इस प्रोजेक्ट के लंबे समय तक सुचारु संचालन को यकीनी बनाएगा।
मंत्री जिम्पा ने कहा कि पीने वाले पानी की क्वालिटी में सुधार के लिए पंजाब सरकार की तरफ से बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए और बुनियादी सहूलियतें देने के लिए सरकार ने कई प्रोजेक्ट बनाए हैं। राज्य को रंगला पंजाब बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।