मोरनी। गांव बाबड़वाली की नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर उपायुक्त पंचकूला की ओर से तीन विभागों की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। टीम ने वीरवार को गांव की नदी का दौरा किया और ग्रामीणों के साथ विस्तार से बातचीत भी की। इस दौरान टीम को कई किलोमीटर पैदल चलकर नदी तक पहुंचना पड़ा। टीम के अधिकारी अपनी रिपोर्ट शुक्रवार तक उपायुक्त पंचकूला को सौंप देंगे।
आपको बता दें कि बुधवार को खंड़ की कुदाना पंचायत के गांव बाबड़वाली से निकलने वाली बरसाती नदी में अचानक पानी आने से स्कूली बच्चों को उफनती नदी पार करके स्कूल जाना पड़ा था। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसके बाद जिला उपायुक्त पंचकूला ने तीन विभागों के अधिकारियों की टीम बनाकर बाबड़वाली नदी का दौरा करने के आदेश जारी किए थे। उपायुक्त ने अपने आदेशों में स्कूली बच्चों को तुरंत प्रभाव से राहत प्रदान करने के बारे में रिपोर्ट देने के लिए कहा था। इसको लेकर वीरवार को वन मंडल अधिकारी भूपेन्द्र राधव, सिंचाई विभाग के एक्सईएन अनुराग गोयल, उप जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल और वन मंडल अधिकारी रायपुररानी सुनील कुंडू सहित अन्य अधिकारियों ने दौरा करके ग्रामीणों के साथ बातचीत की। वहीं ग्रामीणों ने बाबड़वाली नदी पर जो टिक्कर स्कूल को जोड़ती है वहां पर पुल बनवाने की मांग रखी है।