फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और सेक्टर-15 के बीच धंसी सड़क

विज्ञापन
विज्ञापन
ट्रैफिक लाइट के पास एक सप्ताह से बना गड्ढा बना खतरा, पुलिस ने की बैरिकेडिंग
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 और सेक्टर-15 के बीच ट्रैफिक लाइट के समीप सड़क धंसने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। करीब एक सप्ताह से सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के चलते इस व्यस्त मार्ग पर वाहन चालकों की जान जोखिम में बनी हुई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित किया है, लेकिन इसके बावजूद खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
इस मार्ग से प्रतिदिन भारी वाहनों सहित सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक सड़क धंसने से यहां गहरा गड्ढा बन गया, जो खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। कई वाहन चालक गड्ढे को समय पर नहीं देख पाते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विज्ञापन

स्थिति को देखते हुए पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) द्वारा शुक्रवार को मौके पर सड़क की खुदाई कर तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि सड़क को डायवर्ट किया जाए, अस्थायी रूप से बंद किया जाए या वन-वे (सिंगल लेन) में चलाया जाए।
ट्रैफिक एसएचओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को नियंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि पीएमडीए की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की यातायात व्यवस्था तय की जाएगी। यदि सड़क की हालत ज्यादा खराब पाई गई, तो रूट डायवर्जन या अस्थायी बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।
यह मार्ग इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर-15, सेक्टर-14 और आसपास के इलाकों को जोड़ता है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सड़क धंसने के कारण यहां ट्रैफिक जाम और हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बैरिकेडिंग का पालन करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
विज्ञापन


विभागों पर लगाया लापरवाही का आरोप
सेक्टर-15 और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के बीच ट्रैफिक सिग्नल के पास सड़क के बीच करीब 5 से 6 फीट गहरा गड्ढा बना हुआ है, जो पिछले एक सप्ताह से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। चंडीगढ़-पंचकूला मार्ग पर भारी यातायात के कारण यह स्थान दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बन चुका है। लोगों ने अपने स्तर पर चेतावनी संकेत और अस्थायी बैरिकेड लगाए हैं, लेकिन रात के समय यहां बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) ने नगर निगम, एचएसवीपी, पीएमडीए और एचएसआईआईडीसी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पदाधिकारियों का कहना है कि सभी विभाग मरम्मत की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। सीडब्ल्यूए ने नगर निगम आयुक्त, संबंधित मुख्य अभियंताओं और पुलिस उपायुक्त को पत्र भेजकर सीवरेज होल की तत्काल मरम्मत और सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें