अमर उजाला इंपैक्ट :
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में ई-रिक्शा में डिलीवरी का मामला सामने आने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने स्वयं संज्ञान लेते हुए वीरवार को अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने लेबर रूम और गायनी वार्ड में भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और उन्हें समय पर इलाज को लेकर जागरूक किया।
रेनू भाटिया ने लेबर रूम में भर्ती महिला से बातचीत करते हुए कहा कि यदि डॉक्टर की ओर से किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया जाता है तो तुरंत वहां पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेफर होने की स्थिति में किसी भी तरह की देरी मां और बच्चे दोनों के लिए घातक हो सकती है।
महिला आयोग अध्यक्ष ने गायनी वार्ड में मौजूद अन्य महिलाओं को भी जागरूक करते हुए कहा कि यदि सिविल अस्पताल में उपचार की सुविधा पर्याप्त न हो और डॉक्टर पीजीआई या किसी अन्य उच्च संस्थान के लिए रेफर करें, तो बिना समय गंवाए वहां पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
शिकायत मिलने पर होगी जांच
मीडिया से बातचीत में रेनू भाटिया ने कहा कि यदि इस प्रकरण या अस्पताल से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत सामने आती है, तो महिलाएं आयोग के पास शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर टीम द्वारा जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।