पंचकूला। एचसीएस व अलाइड सर्विस -2025 की प्रिलीमरी परीक्षा 43 सेंटरों पर हुई। परीक्षा पहले चरण में सुबह 10 बजे से 12 बजे और दूसरे चरण मेंं शाम 3 से 5 बजे तक परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्र में 11,449 उम्मीदवारों ने परीक्षा देनी थी जबकि 6180 ने ही परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा की नोडल ऑफिसर अतिरिक्त उपयुक्त निशा यादव ने परीक्षा केेंद्रों का दौरा किया। इस दौरान जिले मेंं परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। पहले चरण की परीक्षा से पहले आठ बजे उम्मीदवार सभी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। परीक्षा केद्रों पर प्रवेश पत्र देखने के बाद एंट्री दी गई। इस दौरान अतिरिक्त कपड़े, धार्मिंक निशान उतारकर परीक्षा केंद्र में आने को कहा। पीएमश्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर -15, गवर्नमेंंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर -6, सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर -12ए, गवर्नमेंट संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर -26 सहित सभी जगह पर परीक्षा आयोजित की गई।
एचसीएस व अलाइड सर्विस -2025 की परीक्षा देने आए गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-6 के रौनक कुमार और विपिन ने बताया कि पेपर सिलेबस से आया। पेपर में विज्ञान, भूगोल, सामान्य अध्ययन से अधिक प्रश्न आए। उन्होंने कहा कि पेपर लंबा था। पेपर को हल करने में समय ज्यादा लगा। दोनों चरणाें में दो सौ प्रश्न पूछे गए। इसमें करंट अफेयर्स से भी प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाई
डीसी सतपाल शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आस-पास 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाई गई। किसी भी सेंटर सुपरवाइजर को छोड़ कर किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं थी। वहीं सभी सेंटरों पर पुलिस बल तैनात रहा। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए। परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहीं।