मोहाली। पुलिस ने नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत एक व्यक्ति को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अकाशदीप सिंह निवासी फिरोजपुर के रूप में हुई है। वह मोहाली में गांव कुंभड़ा में रह रहा था।
डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि थाना फेज-8 के प्रभारी नवदीप शर्मा के नेतृत्व वाली टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक गांव कुंभडा में रहता है और हेरोइन की तस्करी करता है। पुलिस सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान अकाशदीप सिंह को गिरफ्तार किया, जिससे पुलिस को तलाशी के दौरान 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी अकाशदीप सिंह ने प्राथमिक पूछताछ दौरान बताया कि वह फिरोजपुर से 2 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब के साथ हेरोइन खरीदकर लाता है और मोहाली में 45 सौ रुपये प्रति ग्राम के हिसाब के साथ अपने पक्के ग्राहकों को बेचता है। डीएसपी बल ने बताया कि आरोपी मोहाली में कुछ दिन बाद ही पीजी बदल-बदल कर रहता रहा है और इस समय वह अपनी पत्नी के साथ गांव कुंभड़ा के एक पीजी में रह रहा था। अकाशदीप सिंह ने पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा किया कि उसके खिलाफ पहले से ही मोहाली में एक और फिरोजपुर में भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अकाशदीप सिंह को अदालत में पेश किया और अदालत ने उसको दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।