संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। नगर काउंसिल में बुधवार को दो पार्षदों के बीच हुए विवाद का मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। वहीं, दूसरी ओर मीटिंग हॉल का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
काउंसिल बैठक में दो पार्षदों के बीच हुए विवाद के मामले में पार्षद सतीश कुमार पप्पू ने भाजपा नेता गेजा राम के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के गुट के नेताओं के साथ मिलकर पार्षद हिमांशु मलिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कार्रवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि मलिक ने मुक्का मारा और जाति के प्रति अपशब्द कहे। वहीं, पार्षद हिमांशु मलिक ने भी शिकायत दी है। उन्होंने कुछ लोगों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। उन्होंने एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से नगर काउंसिल के हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने की मांग की। जैसे ही काउंसिल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई तो उससे पूरा खेल उजागर हो गया। फुटेज में दिखा कि कुछ पार्षद काउंसिल प्रधान जतिंदरपाल राणा से बात कर रहे थे। इस दौरान पार्षद हिमांशु मलिक प्रधान के साथ अपनी कुर्सी के पास खड़े थे। पार्षद सतीश कुमार पप्पू अपनी कुर्सी छोड़ कर पार्षद मलिक के नजदीक आए। वहां दोनों के बीच बहसब हुई। मलिक ने हाथ से पार्षद पप्पू को पीछे कर दिया। इसके बाद दोनों मीटिंग हाॅल से बाहर चले गए। वहीं, पार्षदों के बीच विवाद के मामले में भाजपा व आप नेता पार्षद हिमांशु मलिक पर कार्रवाई करवाने को लेकर एकजुट दिखाई दिए। उन पर एफआईआर की मांग की। एसएसपी गुप्ता ने बताया कि जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।