फाइनल में चैंप्स क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से हराया, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित पहली श्री माता मनसा देवी ट्रॉफी अंडर-14 संयुक्त (लड़के/लड़कियां) क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी ने अपने नाम किया। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी ने चैंप्स क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चैंप्स क्रिकेट अकादमी की टीम 24.4 ओवर में 95 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कशिश राव ने 30 रन बनाए, जबकि रिया यादव और नमन ने 13-13 रन का योगदान दिया।
कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी की ओर से वर्धन डी. चावला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि समर सहोता ने 2 विकेट लिए। 96 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी ने 15.2 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। नक्ष चौहान ने 39 रन की शानदार पारी खेली, जबकि औजस मदन 25 रन बनाकर नाबाद लौटे।
समापन समारोह में समाजसेवी डॉ. प्रदीप गोयल, भाजपा युवा मोर्चा हरियाणा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा और पूर्व क्रिकेटर कैप्टन सुशील कपूर सहित कई गणमान्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप गोयल ने कहा कि हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन पिछले 22 वर्षों से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को क्रिकेट के माध्यम से आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है।
टूर्नामेंट में वर्धन डी. चावला को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, किंगर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, कशिश राव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और काविश यादव को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का पुरस्कार दिया गया।