पंचकूला। माजरी चौक के पास अज्ञात वाहन चालक बुजुर्ग को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। बुुजुर्ग की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सेक्टर-5 पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, खड़क मंगोली निवासी मोहिंद्र ने बताया कि वह मजदूरी करता है। एक बुजुर्ग व्यक्ति जिसकी उम्र करीब 70 साल थी। वह माजरी चौक पर भीख मांगकर अपना गुजारा करता था। वह रात के समय माजरी चौक बस स्टाप के पास सो जाता था।
शिकायतकर्ता 16 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे माजरी चौक पर मौजूद था। चौक के पास बने सरकारी शौचालय की तरफ बुजुर्ग व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा था। उसकी टांग में चोट लगी थी। बुजुर्ग को कोई अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद एंबुलेंस के द्वारा घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मोहिंद्र की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।