खेल, कहानी व गतिविधियों से होगी पढ़ाई, बच्चों की बुनियादी साक्षरता पर फोकस
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के 422 सरकारी प्राइमरी स्कूलों में 23 मई तक कक्षा तत्परता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान बच्चों को खेल, कहानी, कविता और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाया जाएगा, ताकि उनकी बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के तहत बालवाटिका से लेकर कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाया जाएगा। पारंपरिक पढ़ाई के बजाय इस पद्धति से बच्चों की समझ और सहभागिता दोनों बढ़ाने पर जोर रहेगा।
जिला एफएलएन समन्वयक असिंद्र कुमार ने बताया कि बालवाटिका और कक्षा पहली में बच्चों को स्कूल के वातावरण से जोड़ने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। कक्षा दूसरी में पढ़ना-लिखना, गिनती और जोड़-घटाव की बुनियाद मजबूत की जाएगी, जबकि कक्षा तीसरी में कहानी पढ़ने, परिस्थिति आधारित प्रश्न हल करने और पहाड़ों की समझ विकसित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कक्षा चौथी में पढ़ने की गति, गुणा-भाग, मापन और समय की समझ पर काम होगा। वहीं कक्षा पांचवीं में भाषा, व्याकरण, लेखन कौशल और बड़े अंकों के गणित के साथ भिन्न, क्षेत्रफल और परिमाप जैसे विषय शामिल रहेंगे।
शैक्षिक भ्रमण भी होगा
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक ने बताया कि कार्यक्रम के तहत बाल सभा, मीना मंच और पोस्ट ऑफिस, बैंक व मंडी जैसे स्थानों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। विद्यार्थियों की प्रगति क्लास रेडीनेस स्किल पासबुक में दर्ज की जाएगी और हर दो सप्ताह में इसकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों की नींव मजबूत होगी और वे पढ़ाई को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे।