हरियाणा बजट 2026-27 पर आप का हमला
महिलाओं, किसानों, युवाओं और स्वास्थ्य-शिक्षा को लेकर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेन्द्र राठी ने हरियाणा सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बजट में बड़े-बड़े दावे किए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर यह महिलाओं, किसानों, फौजियों, युवाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता।
राठी ने कहा कि सरकार ने राजकोषीय घाटा 2.66 प्रतिशत से घटाकर 2.65 प्रतिशत करने का दावा किया है, जो मात्र 0.01 प्रतिशत की प्रतीकात्मक कमी है। उनके अनुसार आम नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार के लिए व्यापक और ठोस निवेश की जरूरत थी, जिसकी स्पष्ट झलक बजट में दिखाई नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की बढ़ती जनसंख्या और महंगाई को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों की डिस्पेंसरी में डॉक्टरों की कमी, अस्पतालों में संसाधनों का अभाव और दवाइयों की अनुपलब्धता जैसे मुद्दों पर बजट में कोई ठोस प्रावधान नजर नहीं आता।
राठी ने यह भी कहा कि शिक्षा क्षेत्र में पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 13.35 प्रतिशत की कमी की गई है। सरकारी स्कूलों की आधारभूत संरचना, शिक्षक रिक्तियां और उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई।
प्रदेश के युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि लंबे समय से रोजगार के अवसर, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और स्थायी नौकरियों की मांग की जा रही है, लेकिन बजट में स्पष्ट रणनीति का अभाव युवाओं की उम्मीदों को झटका देता है।