पानी की बर्बादी पर सख्ती, सेक्टर-26, 28 और आशियाना फ्लैट्स के निवासियों को चेतावनी ओवरफ्लो पर अतिरिक्त जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-26, सेक्टर-28 और आशियाना फ्लैट्स पॉकेट-ए व पॉकेट-बी के प्लॉट धारकों के लिए विभाग ने सार्वजनिक चेतावनी जारी की है। स्पष्ट किया गया है कि जिन मकानों की पानी की टंकियां लीकेज हैं या ओवरफ्लो होकर पानी सड़कों व छतों पर बह रहा है, वे तत्काल मरम्मत कराएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (मंडल-2, पंचकूला) के कार्यकारी अभियंता की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यदि किसी प्लॉट से पानी की बर्बादी या लीकेज पाई गई तो संबंधित मालिक पर 6,078 रुपये का चालान किया जाएगा। इसके साथ ही 2,000 रुपये अतिरिक्त जुर्माना पानी के बिल में जोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने पर पानी का कनेक्शन भी बंद किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि टंकियों के ओवरफ्लो और लीकेज के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे एक ओर जल संकट की स्थिति गहराती है, वहीं दूसरी ओर जलभराव से फिसलन और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
विभाग ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे अपनी पानी की टंकियों, पाइपलाइन और वाल्व की नियमित जांच कराएं और लीकेज तुरंत ठीक करवाकर पानी की बर्बादी रोकें।