पंचकूला। सेक्टर- 11 के वाॅशिंग सेंटर से काम कर घर जा रहे युवक से चाकू की नोक पर लूट करने केे मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से सामान बरामद कर उन्हें अंबाला जेल भेज दिया गया। इसमें एक आरोपी नाबालिग है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-12ए के अमन रावत ने बताया कि वह सेक्टर-11 कार वाॅशिंग सेंटर से अपने घर सेक्टर-12ए जा रहे थे। सेक्टर-11 में 13 जून को चार आरोपियों ने घेरकर चाकू दिखा चांदी का कड़ा लूट लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच कर टीम बनाकर जांच शुरू की और दो घंटे में गीता मंदिर सेक्टर-11 से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान संजीव उर्फ डाबा पुत्र बलराम निवासी बिहार (हाल किरायेदार सेक्टर-4, पंचकूला), राजकुमार पुत्र रुपराम निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश (हाल किरायेदार मोहाली, पंजाब) और लखन सिंह पुत्र स्व. मदन सिंह निवासी अलवर, राजस्थान (हाल किरायेदार सेक्टर-12ए, पंचकूला) के रूप में हुई। वहीं एक आरोपी नाबालिग है। उसे जुवेनाइल होम भेज दिया गया है। आरोपियों के पास से चांदी का कड़ा बरामद कर लिया है।