पंचकूला। जिला पुलिस ने पाॅक्सो एक्ट के एक मामले में आरोपी को महज छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विक्की राणा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी यूपी भागने की फिराक में था। दरअसल 22 मई को आठवीं कक्षा की एक 14 साल की नाबालिग छात्रा स्कूल जाने के लिए दुकान के पास खड़ी थी। एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची ने घर पहुंचकर परिवार को पूरी बात बताई तो परिजन तुरंत महिला थाने पहुंचे और इसकी शिकायत दी
डीसीपी हिमाद्रि कौशिक की निगरानी में महिला थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर नेहा संधू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। जांच अधिकारी एएसआई सुदेश ने बताया कि पीड़िता मूलरूप से राजस्थान की रहने वाली है। वर्तमान में परिवार के साथ पंचकूला में रह रही है। शिकायत पर पुलिस ने पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ 23 मई को पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। आरोपी प्राइवेट नौकरी करता है और वारदात के बाद भाग गया था, लेकिन पुलिस ने उसे मात्र 6 घंटे में दबोच लिया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया, यहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।