पंचकूला। खड़क मंगोली में बुधवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने 10 अवैध निर्माणों को गिराया। यहां बरसाती पानी की निकासी के लिए एचएसवीपी की ओर से बनाए गए नाले पर लोगों ने घर बना लिए थे। जिसके चलते नाला चोक हो गया था। बरसाती पानी की नाले से निकासी नहीं होने पर पूरे खड़क मंगोली में गांव में पानी भर जाता था। इस बाबत स्थानीय लोगों ने हरियाणा विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को शिकायत दी थी। जिसके बाद ज्ञानचंद गुप्ता ने मौके का जायजा लेकर एचएसवीपी के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसका संज्ञान लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की है।
पहले दिया नोटिस, उसके बाद कार्रवाई की
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण गिराने से पहले मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया था। इसमें कुछ मकानों में लोग रह रहे थे और कुछ खाली पड़े थे। नोटिस चस्पा करने के एक सप्ताह बाद बुधवार को एचएसवीपी के ईओ मानव मलिक, एसडीओ कैलाश सहित इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण गिराने पहुंचे। इसके बाद जेसीबी से अवैध निर्माणों को गिराया गया।