संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर 12 की एक वेटरीनरी डॉक्टर से डॉग के वेक्सीनेशन के नाम पर 56 हजार रुपये की ठगी हुई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर 12 साइबर थाने में केस दर्ज किया है।
महिला वेटरीनरी डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पीजीआई चंडीगढ़ से पीएचडी कर रही हैं और मोहाली में उनका वेटरीनरी क्लीनिक भी है। 24 जून की शाम 6 बजे उनके ऑफिस के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और कॉलर ने खुद को सेक्टर 31 चंडीगढ़ मिलिट्री एरिया का स्टाफ बताते हुए 75 जर्मन शेफर्ड डॉग की वैक्सीनेशन करवाने की बात कही। साथ ही आरोपी ने डॉक्टर से उसके लिए कोटेशन व्हाट्सएप पर भेजने को कहा। डॉक्टर ने तुरंत व्हाट्सएप पर कोटेशन भेज दिया। कोटेशन भेजने के बाद आरोपी ने महिला डॉक्टर को कहा कि वह अपने सीनियर से उसकी बात करवा रहा है।
आरोपी के सीनियर ने कहा कि वह एडवांस में वैक्सीनेशन की पेमेंट करेंगे और इसकी पूरी वीडियोग्राफी होगी। इसके लिए वह वीडियो कॉल करेगा और महिला डॉक्टर ने हामी भर दी। आरोपी ने वीडियो कॉल कर पहले 10 रुपये ऑनलाइन पेमेंट की और उसे चेक करने को कहा तो महिला ने वीडियो कॉल के दौरान उसे चेक किया। इसी दौरान महिला से बैंक से जुड़ी जानकारी ली और महिला उनके बैंक खाते से आरोपी ने अपना बैंक खाता लिंक करते हुए पहले 42 हजार रुपये निकाले। उसके बाद 14000 रुपये निकाल लिए। उस समय तक महिला डॉक्टर को बैंक खाते से पैसा निकलने का मैसेज नहीं आया।
आरोपियों ने तीसरी बार जब 14000 रुपये निकालने की कोशिश की तो बैंक खाते में पैसा न होने के कारण पैसा नहीं निकला। इस पर आरोपियों ने महिला से दूसरे बैंक खाते की डिटेल देने को कहा। इस पर महिला को शक हुआ और उन्होंने अपना एसबीआई बैंक का खाता चेक किया तो उसमें से 56 हजार रुपये डेबिट था। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी।