चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी शुक्रवार को कोटकपूरा पुलिस फायरिंग मामले की जांच कर रही एसआईटी के समक्ष पेश नहीं हुए। एसआईटी ने उन्हें जांच में शामिल होने के लिए तलब किया था लेकिन सैनी ने नई दिल्ली में एक अदालती मामले में व्यस्त होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को हाजिर होने में असमर्थता जताई। एडीजीपी एलके यादव के नेतृत्व वाली एसआईटी ने सुमेध सैनी को शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस आफिसर इंस्टीट्यूट में सुबह 10.30 बजे पेश होने के लिए समन भेजा था। लेकिन सैनी ने एक पत्र भेजकर, नई दिल्ली में निर्धारित अदालती तारीखों के कारण एसआईटी के समक्ष पेश होने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा है।
उल्लेखनीय है कि एसआईटी ने, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा सैनी और अन्य आरोपी पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले को एक केंद्रीय एजेंसी को स्थानांतरित करने की मांग करने वाली याचिकाएं खारिज करने के कुछ दिन बाद सैनी को तलब किया था। सैनी द्वारा हाईकोर्ट से किसी भी केस में अपनी गिरफ्तारी पर ब्लैंकेट बेल हासिल कर लेने के कारण एसआईटी को उनसे पूछताछ की कार्यवाही रोकनी पड़ी थी। इसके चलते, एसआईटी ने सैनी से पिछले साल 31 मई को आखिरी बार पूछताछ की थी।