पंचकूला। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने छात्र संगठनों की मांग पर कोरोना के मद्देनजर ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने का निर्णय लिया है। छात्र संगठनों ने कोविड-19 के मद्देनजर परिवहन, आवासीय समेत अन्य समस्याओं के मद्देनजर कॉलेजों के सामने शुक्रवार को प्रदर्शन किया था।
मामले में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा का कहना है कि छात्र हित हमारी पहली प्राथमिकता है। कोरोना की आशंका के मद्देनजर और छात्रों की समस्याओं पर संज्ञान लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। एनएसयूआई ने उनकी मांग स्वीकार करने पर विश्वविद्यालय प्रबंधन का आभार जताया है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑफलाइन परीक्षा करवाने का आदेश जारी किया। इस आदेश के खिलाफ एनएसयूआई समेत कॉलेज के छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। कालका कॉलेज के गेट पर एनएसयूआई आरटीआई सेल के राष्ट्रीय कन्वीनर दीपांशु बंसल के नेतृत्व में छात्रों ने ताला लगाकर धरना दिया था, जबकि सेक्टर-14 पंचकूला गर्ल्स कॉलेज के गेट पर छात्राओं ने धरना दिया था।
कालका कॉलेज की प्रिंसिपल और पंचकूला में वाइस प्रिंसिपल के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ था। उधर, ग्रामीण विद्यार्थियों की इंटरनेट संबंधी समस्याओं को देखकर विश्वविद्यालय ने ऑफलाइन और कोविड-19 की आशंका को ध्यान में रखकर ऑनलाइन के विकल्प का निर्णय लिया है। अब कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से संबंधित विद्यार्थी अपनी सहूलियत के अनुसार किसी भी विकल्प को चुनकर परीक्षा दे सकेंगे।
परीक्षा विकल्प को लेकर दिशा निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जल्द अपलोड कर दिए जाएंगे। छात्रों की किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए विश्वविद्यालय पूरी तरह संकल्पबद्ध है। दोनों परीक्षा विकल्पों के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर, पुस्तकालय और प्रायोगिक कक्षाओं को सुचारु करने के लिए भी चरणबद्ध तरीके से विश्वविद्यालय परिसर को खोला जा रहा है। एक मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं की डेटशीट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जल्द अपलोड होंगी।