चंडीगढ़ सेक्टर-32 सी स्थित एसडी कॉलेज में स्टूडेंट्स ने सोमवार को चार घंटे हंगामा किया। सनातन धर्म कॉलेज यूनियन के बैनर तले स्टूडेंट्स दोपहर को एक बजे एडमिशन नहीं मिलने के कारण भूख हड़ताल पर बैठे। कई घंटे चली नारेबाजी के बाद कॉलेज प्रशासन स्टूडेंट्स से बातचीत करने पहुंचा।
60 से ज्यादा स्टूडेंट्स की अटेंडेंस कम होने के कारण एसडी कॉलेज ने छात्रों के ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म ब्लॉक कर दिए थे। रोषस्वरूप स्टूडेंट्स ने सनातन धर्म कॉलेज यूनियन के बैनर तले दोपहर एक बजे भूख हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान स्टूडेंट्स ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्टूडेंट्स शाम करीब 5 बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे। चार घंटे तक चले हंगामे के बाद कॉलेज प्रिंसिपल ने स्टूडेंट्स से बातचीत की। उनकी मांगों को सुना। इस दौरान प्रिंसिपल ने स्टूडेंट्स का शिकायत पत्र ले लिया और जल्द से जल्द इस पर एक्शन लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्टूडेंट्स ने धरना खत्म कर दिया।
प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स ने बातचीत में बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि हाजिरी कम होने के कारण कॉलेज एडमिशन नहीं दे रहा है। एडमिशन नहीं मिलने वालों में दूसरे और तीसरे वर्ष के स्टूडेंट्स शामिल थे। इन स्टूडेंट्स की हाजिरी पिछले वर्ष जीरो से 10 प्रतिशत थी।
इसके बावजूद कॉलेज ने इन्हें पिछले वर्ष के एग्जाम देने दिए। लेकिन कॉलेज ने इस सेशन में एडमिशन देने से इंकार कर दिया। कॉलेज प्रशासन ने स्टूडेंट्स को कहा कि दूसरी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में एडमिशन करा लें।
अटेंडेस कम होने पर परीक्षाओं से पहले बच्चों ने अंडरटेकिंग दी कि परीक्षा के बाद वे दाखिला कहीं ओर ले लेंगे। अब दाखिला प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। कई स्टूडेंट्स पहले ही दूसरे कॉलेजों में दाखिला ले चुके हैं। कुछ सोमवार को प्रदर्शन करने लगे। हमने इनसे लिखित में शिकायत ले ली है। आगे का फैसला मैनेजमेंट लेगा।
- डॉ. अजय शर्मा, डीएसडब्ल्यू, एसडी कॉलेज
कॉलेज ने कई स्टूडेंट्स को उनके असंतोषजनक व्यवहार के चलते ब्लैकलिस्ट किया है। ऐसे स्टूडेंट्स को दूसरे कॉलेजों में दाखिला लेने की सलाह दी गई थी।
- डॉ. बलराज थापर, प्रिंसिपल, एसडी कॉलेज
हमारे पास कई स्टूडेंट्स एडमिशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर आए थे। इसके बाद स्टूडेंट्स की मांगों को लेकर चार घंटे तक कॉलेज गेट के सामने भूख हड़ताल की गई। प्रिंसिपल की ओर से शिकायत पत्र लेने और मांगें मानने के आश्वासन पर स्टूडेंट्स ने धरना खत्म किया।
- साहिल हरताला, अध्यक्ष, एसडी कॉलेज