पंचकूला। सिलिंडरों में लगातार कम गैस मिलने से ग्राहकों में नाराजगी है। समाजसेवी संस्था श्री मथुरादास लाजवंती सुभाष हितैषी फाउंडेशन के चेयरमैन भारत हितैषी ने गैस सिलिंडरों में कम वजन की शिकायतों के चलते हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और जिला उपायुक्त विनय प्रताप सिंह से मांग की है कि नापतौल विभाग को सक्रिय किया जाए और गैस सिलेंडर वितरण के दौरान औचक निरीक्षण कर गैस वितरक और उनके हॉकरों द्वारा वजन में की जा रही तथाकथित हेराफेरी से निजात दिलाई जाए।
भारत हितैषी फाउंडेशन के मुख्य मार्गदर्शक एसके शर्मा ने बताया कि 11 जुलाई को ही सेक्टर-10 के मकान नंबर-634 निवासी संदीप गोदारा ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के वितरक द्वारा दिए सिलेेंडरों में 6 किलो गैस कम होने की शिकायत की थी। संदीप गोदारा ने बताया कि जब गैस देने आए कर्मचारी से वजन करवाया गया, तो पूरे 29.9 किलो वजन था, लेकिन जब खुद संदीप ने अपने हाथ से वजन किया तो गैस सिलिंडर का वजन 6 किलो कम निकला। इसका कर्मचारी का जवाब था कि कई बार पीछे से कंपनी ही कम वजन का सिलिंडर भेजती है। इसके बाद पूरे वजन का नया सिलिंडर दिया। फाउंडेशन के मार्गदर्शक एनसी स्वामी, सलाहकार प्रो. बीके गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार की शिकायत सेक्टर-10 के मकान नंबर- 420 से वैभव मित्तल ने भी की है। वैभव के अनुसार उनको भी बहुत कम वजन का सिलिंडर कई बार देने का प्रयास किया गया। फाउंडेशन के संगठन मंत्री सुभाष शर्मा, सचिव प्रेमलाल, मार्गदर्शक कुसुम अरोड़ा, एनके खोसला और शिवकुमार वर्मा ने बताया कि पंचकूला शहर में इंडेन की तीन गैस एजेंसी, भारत पेट्रोलियम और एचपी की दो एजेंसियों से हजारों गैस उपभोक्ताओं के साथ गैस सिलेंडर में कम वजन देने की तथाकथित हेराफेरी सरासर अन्याय है। भारत हितैषी समाजसेवी आरके शर्मा, सोनिका शर्मा ने समस्त गैस एजेंसी ग्राहकों से अनुरोध किया है कि गैस सिलिंडर की डिलीवरी लेते समय सबसे पहले गैस सिलेंडर का वजन करवाएं।